किन्नौर कैलाश यात्रा: दो दिन बाद फिर शुरू, 375 श्रद्धालु रवाना

Kinnaur Kailash Yatra: दो दिन इंतजार के बाद फिर शुरू हुई किन्नौर कैलाश यात्रा, तंगलिंग से 375 श्रद्धालु रवाना
हिंदी टीवी न्यूज, रामपुर बुशहर। Published by: Megha Jain Updated Mon, 10 Aug 2026
खराब मौसम और नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण दो दिन स्थगित रही किन्नौर कैलाश यात्रा रविवार को फिर शुरू हो गई। तंगलिंग बेस कैंप से पंजीकरण, मेडिकल और पर्यावरण शुल्क की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 375 श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। अब तक करीब ढाई हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने यात्रा की अवधि बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी है। मलिंग खट्टा से यात्रा पर रोज रात 11 बजे निर्णय होगा।
खराब मौसम और मार्ग की स्थिति के कारण दो दिन तक स्थगित रही किन्नौर कैलाश यात्रा रविवार को फिर शुरू हो गई। यात्रा दोबारा शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु तंगलिंग बेस कैंप पर पहुंच गए। प्रशासन ने पंजीकरण, मेडिकल जांच और पर्यावरण शुल्क की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 375 श्रद्धालुओं को किन्नौर कैलाश यात्रा के लिए रवाना किया।
11 से 14 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण के लिए रविवार दोपहर बाद दो बजे पोर्टल शुरू किया गया था, लेकिन तकनीकी खामी के कारण श्रद्धालु ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सके। ऐसे में तंगलिंग बेस कैंप पर हर सुबह ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यात्रा के दूसरे बेस कैंप मलिंग खट्टा (गणेश बाग) से श्रद्धालुओं को रवाना किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला प्रतिदिन रात 11 बजे लिया जाएगा। गणेश गुफा और मलिंग खट्टा में तैनात टीमें गुफा के समीप नाले में जलस्तर और यात्रा मार्ग की स्थिति का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के बाद अगले दिन यात्रा संचालित करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
गुफा के समीप नाले में जलस्तर बढ़ने के कारण ही पिछले दो दिनों से यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम खराब होने या रास्ता असुरक्षित पाए जाने पर यात्रा को फिर से अस्थायी रूप से रोका जा सकता है।
किन्नौर कैलाश यात्रा संचालन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि दो दिन बाद यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीमें मौसम, जलस्तर और यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी कर रही हैं।















