पंजाब: सीएम मान की वीडियो पर क्लीन चिट देने वालों पर केस, मजीठिया का हमला

Punjab: सीएम मान की विवादित वीडियो को क्लीन चिट देने वालों पर केस दर्ज, बिक्रम मजीठिया ने सरकार को घेरा
हिंदी टीवी न्यूज, चंडीगढ़। Published by: Megha Jain Updated Wed, 24 Jun 2026
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कुछ दिन पहले कथित विवादित वीडियो के संबंध में फॉरेंसिक रिपोर्टों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ हुकमनामा जारी किया था। सीएम ने वीडियो को फर्जी बताते हुए आरोपों को खारिज किया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से जुड़े कथित विवादित वीडियो को क्लीन चिट देने के लिए फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार कराने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है।
पंजाब में गरमाई सियासत
वहीं अब इस पर पंजाब में एक बार फिर सियासत गरमा गई है। अकाली भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की वीडियो से जुड़ी फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने के मामले में गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अरुण महेंद्रू और अंकित को नामजद किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मजीठिया ने कुछ सीसीटीवी फुटेज और व्हाट्सएप चैट का हवाला देते हुए दावा किया कि इसमें एक वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका और भुगतान से जुड़ी जानकारी सामने आई है। हालांकि इन दस्तावेजों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मजीठिया ने हरियाणा सरकार और केंद्रीय एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है ताकि कथित साजिश का सच सामने आ सके।















