शिमला: मौसम की मार, इस साल आधी रह सकती है सेब की पैदावार

मौसम की मार: शिमला में इस साल आधी रह सकती है सेब की पैदावार, 2.31 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Fri, 26 Jun 2026
मौसम की मार के चलते इस वर्ष शिमला जिले में सेब उत्पादन पिछले साल की तुलना में लगभग आधा रहने का अनुमान है। प्रशासन के अनुसार इस साल 2.31 लाख मीट्रिक टन सेब उत्पादन होने की संभावना है। सेब सीजन को सुचारू बनाने के लिए परिवहन, मालभाड़ा, श्रमिकों की उपलब्धता, नियंत्रण कक्ष और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मौसम की मार के कारण इस साल जिला शिमला में सेब का उत्पादन आधा रहने का अनुमान है। इस वर्ष जिले में महज 2.31 लाख मीट्रिक टन सेब उत्पादन का अनुमान है। यह पिछले साल 4.41 लाख मीट्रिक टन की तुलना में काफी कम है। शिमला में उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में प्रशासन ने ये जानकारी दी।
चार पहिया वाहनों के लिए 200 रुपये पंजीकरण शुल्क: प्रशासन ने वाहनों के पंजीकरण शुल्क निर्धारित किए हैं। पिकअप एवं चार पहिया वाहनों के लिए 200 रुपये, ट्रक एवं छह पहिया वाहनों के लिए 500 रुपये तथा ट्रॉला और बड़े वाहनों के लिए 1000 रुपये शुल्क लिया जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया जाएगा। किसी भी ट्रक को शिमला शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और उन्हें ढली-मैहली बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। सेब से लदे ट्रालों के ठियोग और शिमला के बीच सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक आवागमन पर रोक रहेगी।















