करवा चौथ 2026: हिमाचल में चंद्रोदय और पूजा का शुभ मुहूर्त जानें

Karwa Chauth 2026: करवा चौथ पर हिमाचल प्रदेश में कब होगा चंद्रोदय, सरगी और पूजा का शुभ मुहूर्त; जानें सबकुछ
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 28 Oct 2026
हिमाचल प्रदेश में करवा चौथ पर 29 अक्तूबर को अलग-अलग शहरों में रात 7:59 से 8:10 बजे के बीच चंद्रमा के दर्शन होंगे। मौसम विज्ञान विभाग के जारी चार्ट के अनुसार, कल्पा में सबसे पहले और चंबा में सबसे देर से चांद निकलेगा।
करवा चौथ पर हिमाचल प्रदेश में व्रती महिलाओं को चांद का बेसब्री से इंतजार रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी चंद्रोदय समय के चार्ट के अनुसार, 29 अक्तूबर को प्रदेश के प्रमुख शहरों में रात 7:59 बजे से 8:10 बजे के बीच चंद्रमा के दर्शन होंगे। किन्नौर जिले के कल्पा में सबसे पहले रात 7:59 बजे चांद निकलेगा, जबकि चंबा में रात 8:10 बजे चंद्रोदय का समय दिया गया है। राजधानी शिमला में रात 8:04 बजे चंद्रमा दिखाई देने का अनुमान है।
करवा चौथ को लेकर प्रदेशभर में महिलाओं में उत्साह है। पर्व से एक दिन पहले बुधवार को बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने करवे, पूजा सामग्री, कपड़े, आभूषण और शृंगार का सामान खरीदा। ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की चहल-पहल रही।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में चंद्रोदय का समय
मौसम विज्ञान विभाग के चार्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शहरों में चंद्रोदय का समय इस प्रकार है:
– कल्पा: रात 7:59 बजे
– भुंतर: रात 8:02 बजे
– केलांग: रात 8:02 बजे
– शिमला: रात 8:04 बजे
– सोलन: रात 8:05 बजे
– नाहन: रात 8:05 बजे
– सुंदरनगर: रात 8:06 बजे
– ऊना: रात 8:07 बजे
– बिलासपुर: रात 8:07 बजे
– धर्मशाला: रात 8:08 बजे
– हमीरपुर: रात 8:08 बजे
– चंबा: रात 8:10 बजे
इन समयों के अनुसार, कल्पा में चंद्रमा के दर्शन सबसे पहले होंगे। वहीं, चंबा में महिलाओं को चांद के दीदार के लिए अन्य सूचीबद्ध शहरों के मुकाबले अधिक इंतजार करना पड़ सकता है।
जानें सरगी और पूजा का शुभ मुहूर्त
शिमला के गंज बाजार स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल के अनुसार, करवा चौथ की चतुर्थी तिथि 28 अक्तूबर की रात 1:06 बजे शुरू होकर 29 अक्तूबर की रात 10:11 बजे तक रहेगी। सरगी ग्रहण करने का समय सुबह 3:30 बजे से 5:30 बजे तक बताया गया है। वहीं, पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक रहेगा।
करवा चौथ पर महिलाएं सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत रखेंगी। दिनभर पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। शाम को करवा माता की पूजा-अर्चना और व्रत कथा सुनने की परंपरा निभाई जाएगी।
चंद्रमा को अर्घ्य देकर खोलेंगी व्रत
रात को चंद्रमा के दर्शन होने के बाद महिलाएं चंद्रदेव को अर्घ्य देंगी। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोलेंगी। हालांकि, चंद्रोदय का समय शहर, स्थान और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अलग हो सकता है। इसलिए महिलाओं को अपने क्षेत्र के समय की पुष्टि कर लेनी चाहिए।












