हिमाचल: लॉटरी शुरू करने की प्रक्रिया फिर अटकी, टेंडर नहीं हुए आवंटित

हिमाचल: फिर आगे सरकी लॉटरी शुरू करने की प्रक्रिया, नहीं आवंटित हुए टेंडर, जानें कहां फंसा पेच
हिंदी टीवी, तपोवन (धर्मशाला)। Published by: Megha Jain Updated Tue, 24 Nov 2026
लॉटरी दोबारा शुरू करने की सरकार की योजना एक बार फिर अटक गई है। लॉटरी संचालन के लिए कंपनियों को आकर्षित करने में अभी सफलता नहीं मिली है।
हिमाचल प्रदेश में करीब 27 साल बाद लॉटरी दोबारा शुरू करने की सरकार की योजना एक बार फिर अटक गई है। लॉटरी संचालन के लिए कंपनियों को आकर्षित करने में अभी सफलता नहीं मिली है। निर्धारित वित्तीय और तकनीकी शर्तों पर बोलीदाता आगे नहीं आ रहे हैं। अब सरकार नए सिरे से निविदाएं आमंत्रित कर सकती है। इसके लिए निविदा की शर्तों में फिर बदलाव किए जाने की संभावना है। लॉटरी शुरू करने की यह कवायद पिछले कई महीनों से चल रही है। सरकार ने 25 अगस्त को पहली बार ऑनलाइन और कागजी लॉटरी के संचालन के लिए सोल सेलिंग एजेंट नियुक्त करने को निविदाएं आमंत्रित की थीं। 14 सितंबर अंतिम तिथि रखी गई थी।
सरकार ने लॉटरी के प्रारूप में भी बदलाव किया
कंपनियों की कमजोर प्रतिक्रिया के बाद इसे 28 सितंबर तक बढ़ाया गया। इसके बावजूद अपेक्षित जवाब नहीं मिला। बाद में सरकार ने संशोधित निविदा जारी की। इस बीच सरकार ने लॉटरी के प्रारूप में भी बदलाव किया। पहले ऑनलाइन और कागजी दोनों तरह की लॉटरी शुरू करने की योजना थी, लेकिन बाद में ऑफलाइन कागजी लॉटरी पर अधिक जोर दिया गया। संशोधित निविदा में 10 रुपये न्यूनतम टिकट मूल्य और प्रतिदिन 12 ड्रॉ निकालने का प्रस्ताव रखा गया। साल में तीन बंपर ड्रॉ भी प्रस्तावित किए गए। सरकार ने दूसरी निविदा के लिए 20 नवंबर तक आवेदन मांगे थे और 21 नवंबर को बोलियां खोली जानी थीं। हालांकि, सूत्रों के अनुसार इस बार भी कंपनियों ने तय शर्तों पर ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। अब सरकार तीसरी बार निविदा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
पहली निविदा में कंपनियों के लिए थीं ये शर्तें
पहली निविदा में कंपनियों के लिए 50 करोड़ रुपये की न्यूनतम नेटवर्थ और 30 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जैसी शर्तें रखी गई थीं। इसके अलावा दूसरे राज्यों में लॉटरी संचालन का कम से कम दो साल का अनुभव भी जरूरी था। निविदा प्रक्रिया में दो करोड़ रुपये की ईएमडी और 5.90 लाख रुपये निविदा शुल्क का भी प्रावधान रहा। सरकार ने चयनित एजेंसी के लिए सालाना न्यूनतम 10 करोड़ रुपये लाइसेंस फीस निर्धारित की है। इसमें हर साल पांच प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इसके अलावा कुल कारोबार का दो प्रतिशत अथवा छह करोड़ रुपये, जो भी अधिक होगा, सरकार को देना होगा। इस तरह सरकार को कम से कम 16 करोड़ रुपये सालाना मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त लॉटरी टिकटों पर जीएसटी से भी राजस्व प्राप्त होगा। प्रदेश में वर्ष 1999 में लॉटरी बंद कर दी गई थी। अब सरकार इसे दोबारा शुरू कर राजस्व बढ़ाना चाहती है। वहीं, विभागीय अधिकारियों के अनुसार एक हफ्ते में इस पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।















