हिमाचल: सिस्सू में खाई में गिरी कार, दो की मौत और तीन घायल

हिमाचल में सड़क हादसा: लाहौल के सिस्सू में खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत; तीन घायल, जांच में जुटी पुलिस
हिंदी टीवी न्यूज, केलांग (लाहौल-स्पीति)। Published by: Megha Jain Updated Mon, 21 Sep 2026
Himachal Accident: लाहौल के सिस्सू में मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर रविवार को सैल्फी प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। वाहन में पांच लोग सवार थे। हादसे में सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए।
लाहौल के सिस्सू में मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सैल्फी प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
घायलों में मोहन सिंह पुत्र सेवक राम, निवासी चुवाड़ी, डाकघर राजगढ़, तहसील भल, निखिल पुत्र रमेश चंद, निवासी सकरोआ, तहसील भल, बबलू पुत्र हल्कू राम, निवासी मंडी और पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास, निवासी टिक्कर, तहसील भल शामिल थे।
घायलों में बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की हालत गंभीर बताई गई। इसके चलते तीनों को बेहतर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। उपचार के दौरान बबलू ने दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना का सटीक कारण क्या रहा। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिस्सू क्षेत्र में मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे से एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।















