पंजाब: छह जिलों में रेल रोको आंदोलन, पुलिस से धक्कामुक्की

पंजाब में रेल रोको आंदोलन: छह जिलों में ट्रैकों पर डटा किसान मजदूर मोर्चा, मोगा में पुलिस के साथ धक्कामुक्की
हिंदी टीवी न्यूज, अमृतसर/मोगा। Published by: Megha Jain Updated Thu, 17 Sep 2026
किसान मजदूर मोर्चे के अनुसार, पहले चरण में अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर और सुनाम सहित छह स्थानों पर रेल यातायात रोका जाएगा। पंजाब सरकार के मंत्रियों के घरों के बाहर चल रहे धरने भी जारी रहेंगे।
किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब ने रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है।
सुनाम में मंत्री के आवास के बाहर लगातार तीन दिनों तक धरना देने के बाद भारतीय किसान यूनियन एकता आजाद ने अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है। आंदोलन के चौथे दिन गुरुवार को किसानों ने जाखल-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर दोपहर करीब 12 बजे धरना शुरू कर दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोपहर 12 बजे के बाद अगले तीन घंटे तक इस मार्ग पर किसी ट्रेन की आवाजाही का समय नहीं है।
रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठे किसानों का नेतृत्व कर रहे यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष जसविंदर सिंह लोंगोवाल ने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को लेकर पूरी तरह से उदासीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक मंत्री के घर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। ऐसे में सरकार को गहरी नींद से जगाने के लिए किसानों को अपने आंदोलन को धार देने पर मजबूर होना पड़ा है। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांगों को मान नहीं लिया जाता, तब तक यह संघर्ष इसी तरह उग्र रूप में जारी रहेगा। धरने के चलते रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।















