फर्जी CIA कर्मी बनकर वसूली करने वाला युवक गिरफ्तार

होमगार्ड जवान का बेटा निकला फर्जी सीआईए कर्मी: नकली पिस्तौल दिखाकर करता था वसूली, मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
हिंदी टीवी न्यूज,खन्ना । Published by: Megha Jain Updated Fri, 24 Jul 2026
लखवीर के पिता पंजाब होमगार्ड से सेवानिवृत्त जवान हैं। आरोपी इसी का फायदा उठाकर खुद को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बताता था। कई पीड़ित डर के कारण शिकायत तक नहीं कर सके।
खन्ना पुलिस ने खुद को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बताकर लोगों को डराने और जबरन वसूली करने वाले गांव राहौण निवासी लखवीर सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक नकली पिस्तौल बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि लखवीर के पिता पंजाब होमगार्ड से सेवानिवृत्त जवान हैं। आरोपी इसी का फायदा उठाकर खुद को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बताता था। कई पीड़ित डर के कारण शिकायत तक नहीं कर सके। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी (जांच) पवनजीत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 21 जनवरी 2026 को एनडीपीएस अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड के साथ हालिया वारदातों की भी जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ समय पहले नेशनल हाईवे पर पटियाला के प्रोफेसर सुमेर सीड़ा की कार के आगे हुई फायरिंग की घटना से भी उसकी कड़ियां जुड़ सकती हैं। उधर सिटी थाना-2 पुलिस ने आरोपी के भाई शमशेर सिंह उर्फ शम्मी को नशा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। डोप टेस्ट में पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।















