राज्यसभा चुनाव: हिमाचली चेहरे पर दांव की तैयारी, आज प्रत्याशी का एलान

राज्यसभा चुनाव: हिमाचली पर दांव लगा सकती है कांग्रेस, प्रत्याशी का एलान आज; सीएम सुक्खू ने की हाईकमान से चर्चा
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Tue, 03 Mar 2026
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सत्ताधारी कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। बता दें कि कांग्रेस मंगलवार देर शाम को अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर सकती है।
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस मंगलवार देर शाम को अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर सकती है। पार्टी के भीतर इस बार हिमाचल के किसी नेता को मौका देने की मांग जोर पकड़ती दिख रही है। अधिकांश कैबिनेट मंत्री और विधायक राज्य के हितों की पैरवी करने वाले स्थानीय नेता के पक्ष में बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिल्ली में पार्टी हाईकमान से चर्चा की। उन्होंने प्रत्याशी चयन का अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने प्रदेश के नेताओं की राय से भी आलाकमान को अवगत कराया है।
कांग्रेस आलाकमान केंद्रीय नेताओं के नाम पर भी विचार कर रहा है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के नाम को लेकर अटकलें तेज हैं। हालांकि प्रदेश के कई नेता बाहरी उम्मीदवार को टिकट देने के पक्ष में नहीं बताए जा रहे हैं। प्रदेश से वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। उन्हें अनुभवी और राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी चेहरा माना जा रहा है।















