हिमाचल: अब कम लगेंगे बिजली कट, बत्ती गुल होने पर जल्द बहाल होगी आपूर्ति

Himachal News: हिमाचल में अब कम लगेंगे बिजली कट, बत्ती गुल होने पर जल्द होगी आपूर्ति बहाल
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 22 Jun 2026
हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2030-31 तक बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर और भरोसेमंद बनाने के लिए नया रोडमैप मंजूर किया है। इसके तहत बिजली कटौती की अवधि और आवृत्ति कम की जाएगी तथा बिजली बाधित होने पर आपूर्ति पहले की तुलना में तेजी से बहाल की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। आने वाले वर्षों में राज्य में बिजली आपूर्ति पहले से अधिक स्थिर, भरोसेमंद और पारदर्शी बनने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग की ओर से मंजूर किए गए नए रोडमैप के तहत वर्ष 2030-31 तक बिजली कटौती की अवधि और उसकी आवृत्ति में क्रमिक कमी लाने का लक्ष्य तय किया गया है।
इस निर्णय का सीधा लाभ घरेलू उपभोक्ताओं, दुकानदारों, छोटे कारोबारियों, किसानों, पर्यटन क्षेत्र और उद्योगों को मिलेगा। आयोग ने बिजली बोर्ड के लिए वित्त वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता सुधारने का अनंतिम प्रक्षेपवक्र स्वीकृत किया है, जिसके आधार पर वितरण व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। बिजली गुल होने और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल न होने की शिकायतें सामने आती हैं। नए रोडमैप के लागू होने से बिजली कटौती के मामलों में कमी आने की उम्मीद है। यदि किसी कारण से बिजली बाधित भी होती है तो उसे पहले की तुलना में जल्दी बहाल करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
आयोग ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्रदर्शन लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इसके तहत वर्ष दर वर्ष बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। लक्ष्य यह है कि उपभोक्ताओं को सालभर में कम समय के लिए बिजली कटौती का सामना करना पड़े और बिजली बाधाओं की संख्या भी घटे।















