हिमाचल: अमेरिकी हमले में मारे गए आदित्य का आज होगा अंतिम संस्कार

हिमाचल: अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले आदित्य का पोस्टमार्टम हुआ, आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
हिंदी टीवी न्यूज, हमीरपुर। Published by: Megha Jain Updated Thu, 18 Jun 2026
ओमान में अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर के मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा का हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम हुआ। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ओमान में अमेरिकी हमले के दौरान जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले के भालू गांव निवासी 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर का गुरुवार को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में पोस्टमार्टम किया गया। दो डॉक्टरों के दल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान आदित्य के चाचा सहित अन्य परिजन भी मौजूद रहे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आदित्य के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भालू ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पोस्टमार्टम के दौरान उपमंडल अधिकारी (नादौन) निशांत शर्मा, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य भी शवगृह पहुंचे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।















