यूपी: 20 लाख बुनकर परिवारों को बिजली शुल्क में चार गुना छूट की तैयारी

UP: 20 लाख बुनकर परिवारों को बिजली के शुल्क में मिलेगी चार गुना की छूट, बड़ी राहत देने की तैयारी में सरकार
हिंदी टीवी न्यूज एजेंसी, लखनऊ। Published by: Megha Jain Updated Wed, 29 Jul 2026
हथकरघा मंत्री राकेश सचान ने बुनकरों के साथ की गई बैठक में इस पर चर्चा की। बुनकर प्रतिनिधियों ने बिजली दरों, फ्लैट रेट योजना, पुराने बकाया बिल, सब्सिडी, लोड वृद्धि, मीटरिंग और नए कनेक्शन से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
उत्तर प्रदेश के करीब 20 लाख बुनकर परिवारों को बड़ी राहत देने की तैयारी है। योगी सरकार अटल बिहारी वाजपेयी पॉवरलूम बुनकर विद्युत फ्लैट रेट योजना का दायरा मौजूदा पांच किलोवॉट से बढ़ाकर 20 किलोवॉट तक करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। मंगलवार को हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई।
मशीन भी सब्सिडी के दायरे में आएंगी
स्टाम्प एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल की पहल पर पहली बार जरी कारीगरों को भी योजना में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के समक्ष मुद्दा उठाए जाने के बाद जरी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली ‘बीटाई’ मशीनों को भी बिजली सब्सिडी के दायरे में लाने की तैयारी है। इससे अब तक योजना से बाहर रहे हजारों जरी कारीगरों को सीधा लाभ मिलेगा।














