कसौली: महिला पर पिस्तौल तानकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल: कसौली में महिला पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
हिंदी टीवी न्यूज, कसौली (सोलन)। Published by: Megha Jain Updated Thu, 12 Nov 2026
सोलन के कसौली क्षेत्र में एक महिला को उसके घर में घुसकर पिस्तौल दिखाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पंजाब निवासी 37 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह महिला का पीछा करते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ तक पहुंच गया और वहां भी पिस्तौल निकालकर धमकियां देता रहा।
जिला सोलन के पुलिस थाना कसौली के तहत एक महिला को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरेंद्र कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय मनोहर लाल निवासी गांव नबीपुर कॉलोनी, तहसील एवं जिला गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्तौल बरामद की है। उसके पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी शाम करीब पांच बजे दोबारा महिला के पास पहुंचा। इसके बाद वह शिकायतकर्ता का पीछा करते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ तक भी पहुंच गया। वहां भी आरोपी पिस्तौल निकालकर खुद को गोली मारने की धमकी देता रहा।
पुलिस चौकी कुठाड़ में तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस या संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस थाना कसौली में एफआईआर संख्या 86/2026, दिनांक 11 नवंबर 2026 को दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333 और 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को 11 नवंबर को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल और पिस्तौल जब्त कर ली है। आरोपी को 12 नवंबर को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले का अन्वेषण जारी है।















