Himachal: विधानसभा में डॉ. वाईएस परमार को श्रद्धांजलि

Dr YS Parmar Jayanti: विधानसभा में डॉ. वाईएस परमार को श्रद्धांजलि, कुलदीप पठानिया ने गिनाए योगदान
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Tue, 04 Aug 2026
हिमाचल विधानसभा में डॉ. वाईएस परमार की जयंती पर आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डॉ. परमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित कई मंत्री, विधायक और गणमान्य लोग शामिल हुए।
हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की जयंती पर मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लाइब्रेरी हॉल में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डॉ. परमार ने सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी, जिसकी बदौलत आज हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब योजना निर्माण से जुड़े अधिकारियों ने डॉ. परमार से प्रदेश की सबसे बड़ी आवश्यकता पूछी थी, तो उन्होंने स्पष्ट कहा था कि हिमाचल को “सड़क, सड़क और सड़क” चाहिए। उनका मानना था कि सड़क संपर्क ही पहाड़ी राज्य के विकास की असली रीढ़ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के अधिकांश गांव सड़क नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और यह डॉ. परमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि समय के साथ हिमाचल का सकल घरेलू उत्पाद बढ़ा है, साक्षरता दर में सुधार हुआ है और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि विकास की यात्रा अभी भी जारी है और प्रदेश को आगे ले जाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
इस दौरान उन्होंने जयंती समारोह के स्वरूप को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले डॉ. परमार की जयंती का कार्यक्रम पीटरहॉफ, शिमला में भव्य स्तर पर आयोजित होता था, लेकिन अब इसका स्वरूप छोटा कर दिया गया है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस आयोजन को पहले की तरह व्यापक बनाया जाए।















