Himachal: 15 तक आधार-बैंक सीडिंग नहीं, तो छात्रवृत्ति बंद

Himachal News: 15 तक आधार-बैंक सीडिंग नहीं करने वाले विद्यार्थियों की बंद होगी छात्रवृत्ति
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha jain Updated Tue, 12 May 2026
स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक की छात्रवृत्ति आवेदनों में कई सत्यापित विद्यार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग अब भी लंबित है। ऐसे में विद्यार्थियों ने 15 मई तक बैंक खाते को आधार नंबर से लिंक नहीं करवाया तो उनकी छात्रवृत्ति राशि जारी नहीं होगी।
हिमाचल प्रदेश में पोस्ट मैट्रिक और अन्य राज्य प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों ने 15 मई तक बैंक खाते को आधार नंबर से लिंक नहीं करवाया तो उनकी छात्रवृत्ति राशि जारी नहीं होगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस बाबत निर्देश जारी किए गए हैं। जारी पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक की छात्रवृत्ति आवेदनों में कई सत्यापित विद्यार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग अब भी लंबित है।
उच्च अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थानों को तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। पत्र के अनुसार केंद्र प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं का बजट मई 2026 के अंत तक केंद्र सरकार को वापस लौटाया जा सकता है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं होंगे, उनकी छात्रवृत्ति राशि जारी नहीं हो पाएगी।
शिक्षा निदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों की आधार सीडिंग प्रक्रिया 15 मई तक हर हाल में पूरी करवाई जाए। तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग सहित अन्य राज्य प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं की राशि जारी नहीं की जाएगी। सभी संस्थानों के प्रमुखों से इस मामले को व्यक्तिगत प्राथमिकता देने और लंबित मामलों का तुरंत निपटारा सुनिश्चित करने को कहा है।














