किन्नौर में हादसा: दो सैन्य ट्रक समेत तीन वाहन पलटे, चार जवान घायल

हिमाचल: किन्नौर में बड़ा सड़क हादसा, दो सैन्य ट्रकों समेत तीन वाहन पलटे, चार जवान घायल; पुलिस जांच में जुटी
हिंदी टीवी, सांगला (किन्नौर)। Published by: Megha Jain Updated Tue, 20 Oct 2026
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मिलिंग के पास लिटीधार में सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में सेना के चार जवान घायल हो गए, जबकि तीनों वाहन सड़क पर पलट गए।
किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-505 पर सोमवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। मिलिंग के पास लिटीधार में सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सेना के चार जवान घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहन सड़क पर पलट गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। सेना के दोनों ट्रक सीमा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिटीधार के पास उनकी एक सिविल ट्रक से टक्कर हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पूह थाना पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल टक्कर किस वजह से हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।















