हिमाचल: मंडी में महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 15.50 लाख ठगे

हिमाचल: मंडी में एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट रही महिला, बेटे-पति को नुकसान की धमकी देकर ठगे 15.50 लाख
हिंदी टीवी,मंडी। Published by: Megha Jain Updated Mon, 21 Sep 2026
मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ठगों ने एक महिला को करीब एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखने का दावा करते हुए उससे 15.50 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि ठगों ने खुद को पुलिस, सीबीआई और आरबीआई के अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया। इसके बाद बेटे और पति को अगवा करने तथा नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
साइबर ठगों ने कानून के नाम पर डर का ऐसा जाल बुना कि मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र की एक महिला करीब एक महीने तक उनके बताए निर्देशों का पालन करती रही। फर्जी अधिकारी बनकर की गई धमकी और परिवार को नुकसान पहुंचाने के डर के बीच महिला से उसकी जिंदगीभर की जमा पूंजी के 15.50 लाख रुपये ठग लिए गए।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने लोगों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों को मानसिक दबाव में लेते हैं।
उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी या रकम साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति फोन या वीडियो कॉल पर पुलिस, बैंक, आरबीआई या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर डराता है और पैसे ट्रांसफर करने को कहता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं। साइबर ठगी होने की स्थिति में इसकी शिकायत तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर करने की सलाह दी गई है। इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ठगी में इस्तेमाल किए गए खातों और आरोपियों तक किस तरह पहुंच बनाई जाती है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।















