हमीरपुर: पुलिसकर्मी को धक्का देकर चोरी का आरोपी फरार, चार घंटे में गिरफ्तार

हमीरपुर: पुलिसकर्मी को धक्का देकर चोरी का आरोपी फरार, चार घंटे में डंगार में दबोचा; बहाना था ये बहाना
हिंदी टीवी न्यूज,हमीरपुर (हि. प्र.) Published by: Megha Jain Updated Fri, 11 Sep 2026
हमीरपुर के बड़सर में चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बिझड़ी पुलिस चौकी लाया गया आरोपी मेडिकल के लिए जाते समय फरार हो गया। आरोपी ने चौकी प्रभारी मनोज कुमार को धक्का दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने तलाश शुरू कर कुछ ही घंटों में रोपड़ी के पास डंगार से आरोपी अमित कुमार को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बिझड़ी पुलिस चौकी लाया गया एक आरोपी मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने चौकी प्रभारी मनोज कुमार को धक्का दिया और मौके से भाग निकला। पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की और करीब चार घंटे बाद उसे डंगार के पास से पकड़ लिया। आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो नाई की दुकान चलाता है।
पुलिस सहायता कक्ष परिसर से बाहर निकलते ही आरोपी ने पानी पीने की बात कही और वाटर कूलर की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान उसने सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार को दोनों हाथों से जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से मनोज कुमार छाती के बल जमीन पर गिर गए। उनके बाजू और टांग में चोटें आईं।
पुलिसकर्मियों के उन्हें उठाने में व्यस्त होने का फायदा उठाकर आरोपी शाम करीब 5:54 बजे विकास खंड कार्यालय बिझड़ी की ओर भाग गया। घटना की सूचना सहायक उप निरीक्षक ने उपमंडल पुलिस अधिकारी बड़सर को दी। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों और स्थानीय युवकों की मदद से विकास खंड कार्यालय तथा आसपास के क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
रात 9:30 बजे डंगार से पकड़ा
पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में तलाश जारी रखी। करीब रात 9:30 बजे सहायक उप निरीक्षक और पुलिस टीम ने उप निरीक्षक सुखदेव की अगुवाई में रोपड़ी के पास डंगार से आरोपी अमित कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में फरार आरोपी को जल्द ही दबोच लिया गया था। मामले में जांच जारी है।















