आरडीजी पर हिमाचल विधानसभा का विशेष सत्र 17 को, राज्यपाल को प्रस्ताव भेजा

Himachal News: आरडीजी पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र 17 को, राज्यपाल को भेजा प्रस्ताव
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Thu, 05 Feb 2026
राजस्व घाटा अनुदान को लेकर हिमाचल प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र 17 फरवरी को बुलाने का प्रस्ताव लोकभवन को भेजा गया है। इसे सरकार के आग्रह के बाद विधानसभा सचिवालय के माध्यम से भेजा गया है। मुख्यमंत्री सुक्खू की सहमति के बाद इस पर राज्य मंत्रिमंडल से बाई सर्कुलेशन अनुमति लेकर इसे राज्यपाल को भेजा है। राज्यपाल शिमला से बाहर हैं। वह लौटने के बाद इस पर मंजूरी दे सकते हैं।
यह विशेष सत्र केंद्र सरकार की ओर से राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद करने के बाद बुलाया गया है। राज्य सरकार विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करेगा। एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा जाएगा और बहाली का आग्रह किया जाएगा। 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट आने के बाद पेश हुए केंद्रीय बजट में राजस्व घाटा अनुदान के प्रावधान को पूरी तरह बंद करने के बाद हिमाचल सरकार को बड़ा झटका लगा है। इससे प्रदेश अपने घाटे की भरपाई नहीं कर पाएगा। साल दर साल प्रदेश का राजस्व घाटा बढ़ता ही जा रहा है।















