एपस्टीन फाइल्स: दलाई लामा का जेफ्री एपस्टीन से कोई संबंध नहीं, कार्यालय ने दावों को बताया भ्रामक

Epstein files: दलाई लामा का जेफ्री एपस्टीन से कभी कोई संबंध नहीं, कार्यालय ने सभी दावों को बताया भ्रामक
हिंदी टीवी, धर्मशाला। Published by: Megha Jain Updated Sun, 08 Feb 2026
Dalai Lama Epstein Files: Dalai Lama Epstein Files: दलाई लामा के कार्यालय ने जेफ्री एप्सटीन से जुड़े दस्तावेजों में उनके नाम के उल्लेख को लेकर सामने आई रिपोर्टों पर स्पष्टीकरण जारी किया है। दलाई लामा कार्यालय ने प्रेस बयान में कहा कि सारे दावे पूरी तरह भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन हैं।
हाल के दिनों में कुछ मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों में तथाकथित ‘एपस्टीन फाइल्स’ के हवाले से तिब्बती आध्यात्मिक नेता एवं 14वें दलाई लामा का नाम जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में धर्मशाला स्थित दलाई लामा कार्यालय ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन बताया है।
कार्यालय की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि दलाई लामा ने न तो कभी जेफ्री एपस्टीन से मुलाकात की है और न ही किसी व्यक्ति को उनकी ओर से एपस्टीन से मिलने या किसी प्रकार के संपर्क के लिए अधिकृत किया गया है। धार्मिक और आध्यात्मिक जगत में शांति, करुणा और अहिंसा के प्रतीक माने जाने वाले दलाई लामा का नाम इस प्रकार के विवादित और असंबंधित मामलों से जोड़ना न केवल गलत है, बल्कि उनकी छवि को धूमिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है।
ज्ञात हो कि जेफ्री एपस्टीन एक अमेरिकी वित्तीय अपराधी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगे थे। उसकी मृत्यु के बाद सामने आए दस्तावेजों और कथित ‘एपस्टीन फाइल्स’ के संदर्भ में समय-समय पर कई सार्वजनिक हस्तियों के नाम सोशल मीडिया पर बिना किसी प्रमाण के जोड़े जाते रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अपुष्ट सूचनाओं को बिना सत्यापन साझा करना भ्रम और गलत धारणा फैलाने का कारण बनता है।
दलाई लामा के आधिकारिक सूत्रों ने इस विषय पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा है कि इन अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। दलाई लामा का जीवन सदैव आध्यात्मिक साधना, मानवता की सेवा, वैश्विक शांति और करुणा के संदेश के प्रसार के लिए समर्पित रहा है। अंत में, लोगों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की अवश्य जांच करें।















