दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात के बीच अरविंद केजरीवाल ने AAP कार्यकर्ताओं से की ये अपील

देश की राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
यमुना में लगातार बढ़ रहे जलस्तर से देश की राजधानी दिल्ली के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है, जिसकी वजह से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार, गीता कॉलोनी, और झरोड़ा कलां जैसे क्षेत्रों में पानी घरों और दुकानों में घुस गया है। जिस कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं। अब शहर के भीतरी हिस्सों में भी पानी भरने का खतरा बढ़ गया है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सभी आप कार्यकर्ताओं से दिल्ली की बाढ़ में फंसे और प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। केजरीवाल ने AAP के सभी कार्यकर्ताओं को प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की अपील की है।
केजरीवाल एक वीडियो शेयर करते हुए गुरुवार को एक्स पर लिखा, “दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। मैं AAP के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि प्रशासन के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्यों में जुट जाएं और हर ज़रूरतमंद तक मदद पहुंचाएं।“