लुधियाना हादसा: पिकअप-टिप्पर की टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत

लुधियाना में दर्दनाक हादसा: पिकअप की खड़े टिप्पर से टक्कर, तीन लोगों की मौत; हिमाचल से लौट रहे थे श्रद्धालु
हिंदी टीवी न्यूज, लुधियाना Published by: Megha Jain Updated Tue, 17 Nov 2026
हिमाचल में शक्तिपीठ नैना देवी के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पंजाब के लुधियाना में हादसे का शिकार हो गई। पिकअप की टक्कर सड़क किनारे खड़े एक टिप्पर से हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की जानकारी है। पिकअप में मौजूद एक श्रद्धालु ने बताया की हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ है।
माछीवाड़ा में देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा पिकअप टेंपो सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और दो किशोर शामिल हैं। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।
घायल कमलेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार सुबह करीब 10 बजे नैना देवी के लिए रवाना हुआ था। वापसी के दौरान टेंपो चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। महिंद्रा पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे। कमलेश के मुताबिक, कीरतपुर के पास भी चालक की लापरवाही के कारण दुर्घटना होते-होते बची थी। उस समय टेंपो में सवार कुछ लोगों ने चालक को वाहन रोकने और उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को गाड़ी चलाने देने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।कमलेश ने आरोप लगाया कि माछीवाड़ा के पास चालक ने तेज रफ्तार में टेंपो पर नियंत्रण खो दिया और पीछे से सीधे सड़क पर खड़े टिप्पर में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीन लोगों की जान चली गई और बाकी सवारियों को चोटें आई हैं।
एंबुलेंस नहीं पहुंची तो राहगीरों ने निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। कमलेश के अनुसार, एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंची। इसके बाद सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को रोककर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान राहगीरों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। हादसे के बाद टेंपो चालक के फरार होने की बात भी सामने आई है।















