साइबर क्राइम: नंबर ब्लॉक के नाम पर ठगी, कॉल से लोगों को डराया जा रहा

Cyber Crime: फोन नंबर ब्लाॅक करने के नाम पर ठगी का नया खेल, कॉल कर लोगों को डराया जा रहा
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 06 May 2026
ट्राई और टेलीकॉम कंपनियों के नाम पर हिमाचल प्रदेश में लोगों को कॉल कर डराया जा रहा है।उपभोक्ताओं को कहा जा रहा है कि उनके मोबाइल नंबर से अश्लील मैसेज भेजे गए हैं।
साइबर अपराधियों ने ट्राई से नंबर ब्लॉक करने के नाम पर लोगों से ठगी का नया खेल शुरू कर दिया है। इन दिनों ट्राई और टेलीकॉम कंपनियों के नाम पर हिमाचल प्रदेश में लोगों को कॉल कर डराया जा रहा है। उपभोक्ताओं को कहा जा रहा है कि उनके मोबाइल नंबर से अश्लील मैसेज भेजे गए हैं, जिसके चलते नंबर बंद किया जाएगा और थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। डर और घबराहट का फायदा उठाकर जालसाज लोगों से बैंक और निजी जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम दे रहे हैं।
ठग खुद को ट्राई अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को सिम अपडेट या 4जी से 5जी में अपग्रेड करने का झांसा देते हैं। इसके लिए मोबाइल में ऐप डाउनलोड करवाया जाता है या फोन बंद कर दोबारा चालू करने को कहा जाता है। मंडी के व्यवसायी जोगिंदर सिंह को भी इस तरह की कॉल आई, लेकिन जागरूकता से वह शिकार होने से बच गए। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच ट्राई ने साफ किया है कि वह किसी भी उपभोक्ता को कॉल कर नंबर ब्लॉक करने की चेतावनी नहीं देती। प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने लोगों से अपील की है कि ऐसे कॉल या मैसेज से घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। संदेह होने या साइबर ठगी की शिकायत तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी साइबर सेल में दर्ज करवाएं।















