हिमाचल: बर्फ-उमस के बीच 18 से भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल में मौसम का डबल मिजाज: चोटियों पर बर्फ की चादर, मैदानों में उमस की मार; 18 से भारी बारिश का अलर्ट
हिंदी टीवी न्यूज,शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 15 Jul 2026
हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज धूप व उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई है। ऊना में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने 18 से 20 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताते हुए 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। प्रदेश में जहां एक ओर ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है, वहीं मैदानी और निचले इलाकों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 18 से 20 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताते हुए 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम साफ रहने के कारण प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जबकि मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 20 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
18 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 17 जुलाई तक मौसम सामान्य रहने या कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 18 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है।
विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बांकुरा और कैगिंग होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। वहीं, वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के ऊपर करीब 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार:
- 14 से 16 जुलाई: मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश।
- 17 जुलाई: कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
- 18 से 20 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार।
इन तीन दिनों के लिए ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।















