हिमाचल: मणी खड्ड और शालवी नदी में डूबने से छात्र समेत दो की मौत

हिमाचल: बिलासपुर की मणी खड्ड में डूबने से 11वीं के छात्र की मौत, नेरवा की शालवी नदी में भी डूबा युवक; मौत
हिंदी टीवी न्यूज, भराड़ी (बिलासपुर)/नेरवा (रोहड़ू)। Published by: Megha Jain Updated Mon, 22 Jun 2026
बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र की मणी खड्ड में 17 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की डूबने से मौत हो गई। छात्र शनिवार को दोस्तों के साथ नहाने गया था। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। वहीं शिमला जिले के नेरवा स्थित शालवी नदी में भी 26 वर्षीय युवक बबलू की नहाते समय डूबने से मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
घुमारवीं उपमंडल की पंचायत ननावां की मणी खड्ड में डूबने से 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह निवासी गांव जबल्याणा (गैहरी) के रूप में हुई है। अरमान ग्वालमुठानी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अरमान शनिवार सुबह स्कूल के लिए घर से निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा। बेटे के घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने डैहर पुलिस चौकी में उसके लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
जांच में सामने आया कि करीब 11 बजे अरमान तीन अन्य छात्रों के साथ डैहर क्षेत्र में देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने देर रात उसके साथ दिखे एक छात्र से संपर्क किया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि वे सभी नहाने के लिए नजदीक स्थित मणी खड्ड गए थे, जहां अरमान पानी में डूब गया। घटना के बाद डर के कारण वे वहां से भाग गए और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। जानकारी मिलते ही पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग रात में ही मौके पर पहुंचे।















