हिमाचल मौसम अपडेट: 6 दिन बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट

Himachal Weather: करवट बदलेगा माैसम; छह दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 27 Apr 2026
माैसम के करवट बदलने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य के कई भागों में छह दिन बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में माैसम के करवट बदलने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य के कई भागों में छह दिन बारिश होने की संभावना है, वहीं चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में माैसम साफ बना हुआ है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 अप्रैल से 3 मई तक राज्य के कई भागों में बारिश होने की संभावना है। 28, 29, 30 अप्रैल और 3 मई को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी हो सकती है। जबकि 1 और 2 मई को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 28 व 29 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला जिले में ओलावृष्टि व अंधड(हवाओं की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे) चलने का ऑरेंज अलर्ट है।
तापमान में बदलाव के आसार
वहीं अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने के आसार हैं। इसके बाद अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।















