हिमाचल: बारिश के आसार, पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी

Himachal Weather: शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश में कई जगह बारिश के आसार, पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट
हिंदी टीवी न्यूज,शिमला। Published by: Megha Jain Updated Fri, 15 May 2026
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार को कई जगह बारिश के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में वीरवार को धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश में कई जगह बारिश के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 17 मई से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान धूप खिलने से तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में कई दिन बाद वीरवार को मौसम साफ रहा। प्रदेश के अधिकतम तापमान में बीते दिनों के मुकाबले दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। उधर, औद्योगिक क्षेत्र बद्दी और बरोटीवाला में बुधवार रात आए अंधड़ से कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गईं, जिससे क्षेत्र के 24 फीडर पूरी तरह बंद हो गए। पूरे इलाके में करीब 6 घंटे तक ब्लैकआउट रहा। नालागढ़-रामशहर मार्ग पर अंधड़ के कारण एक पुराना सफेदे का पेड़ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ा ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।















