Himachal: वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार शिमला, होटल ऑक्यूपेंसी 80% तक पहुंची

Himachal Tourism: वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हुई राजधानी शिमला, होटलों में 80 फीसदी तक पहुंची ऑक्यूपेंसी
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 08 Jun 2026
वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों की भारी आमद से पर्यटन गतिविधियां चरम पर रहीं। राजस्थान, दिल्ली, केरल समेत कई राज्यों से पहुंचे सैलानियों ने मालरोड, रिज मैदान, स्कैंडल प्वाइंट, जाखू मंदिर और कालीबाड़ी मंदिर का रुख किया।
वीकेंड पर पर्यटक भारी संख्या में घूमने के लिए शिमला पहुंचे हैं। शहर के लोअर बाजारों के अलावा मालरोड व रिज मैदान पर भारी भीड़ रही। इस दौरान पर्यटकों ने यहां के प्राकृतिक नजारों को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। वहीं परिवार के साथ जाखू और कालीबाड़ी मंदिर में दर्शन किए। राजधानी में राज्स्थान, दिल्ली और केरलम और अन्य राज्यों के पर्यटक भारी संख्या में घूमने के लिए आ रहे हैं। कई पर्यटकों के ग्रुपों ने जहां लिफ्ट के पास पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करके शहर के ऐतिहासिक स्थलों का दौरा कर उसे अपने मोबाइल फोन में कैद किया। कई पर्यटकों ने कुफरी की मनमोहक वादियों का दीदार किया। फन वर्ल्ड स्थित पर्यटन स्थल पर जाकर विभिन्न खेल गतिविधियां भी कीं।
मालरोड, रिज मैदान और स्कैंडल प्वाइंट पर्यटकों से भरा रहा। पर्यटकों के आने से होटल कारोबार पर इसका असर देखने को मिला। शहर में करीब सात सौ से होटल व बीएंडबी हैं, शाम तक इन होटलों की ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी तक पहुंच गई। इस वजह से होटल संचालकों, टैक्सी ऑपरेटरों, रेस्तरां और अन्य पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले रहे। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि अगर मौसम इसी तरह रहा तो आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि गर्मी से राहत पाने के लिए राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, कानपुर, केरलम से भारी संख्या में वीकेंड पर सैलानी घूमने आ रहे हैं। शहर में पर्यटकों के आने के बाद सड़कों पर जाम लगा रहा। वहीं चंडीगढ़ और पंचकूला से जो पर्यटक घूमने आए, वे रात के समय ही लौट गए।
शहर में भारी संख्या में सैलानी घूमने के लिए आ रहे हैं। रविवार को होटलों में 50 फीसदी के करीब ऑक्यूपेंसी रही। आने वाले दिनों में इसमें इजाफा होने की उम्मीद है। – प्रिंस कुकरेजा, उपाध्यक्ष शिमला होटलियर एसोसिएशन
अपर ढली में रास्तों, पटयोग में सीढ़ियों की होगी मरम्मत
शिमला शहर तीन वार्डों में करीब सवा बारह लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें सड़कों, सीढ़ियों की मरम्मत और एक सुरक्षा दीवार का निर्माण शामिल है। वार्ड अपर ढली में महावीर कुटीर तक के रास्ते का रखरखाव होगा। इसमें चेकर टाइल्स और रेलिंग का काम किया जाएगा। पटयोग वार्ड में रास्तों और सीढ़ियों की मरम्मत की जाएगी। कंगनाधार में बिट्टू हाउस के पास एक सुरक्षा दीवार लगाई जाएगी। यह दीवार 15 मीटर लंबी और 3.5 मीटर ऊंची होगी। सभी कार्यों को दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।















