हिमाचल: क्रिकेट टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी वेबसाइटों से फ्रॉड

हिमाचल: क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइटों से हो रहा फ्रॉड
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Fri, 15 May 2026
इंटरनेट मीडिया पर सस्ते टिकट और विशेष ऑफर दिखाकर लोगों को फर्जी वेबसाइट पर ले जाकर आईपीएल टिकट बुकिंग के नाम पर बैंक खातों से रकम उड़ा ली जा रही है।
क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के डाटा सेंटर पर बीते कुछ दिनों में बड़ी संख्या में ऐसी शिकायतें पहुंची हैं। इसमें लोगों से ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बहाने ठगी की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधी असली वेबसाइटों जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइटें तैयार कर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं।
अधिकांश लोग फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दिखाई देने वाले विज्ञापनों या साझा किए लिंक से इन वेबसाइटों तक पहुंचते हैं। वेबसाइटों का डिजाइन और स्वरूप आधिकारिक पोर्टलों से मिलता-जुलता होने के कारण लोग आसानी से भ्रमित हो रहे हैं। टिकट बुकिंग के दौरान अपनी बैंकिंग तथा निजी जानकारी साझा कर ठगी का शिकार बन रहे हैं।
साइबर अपराधी केवल टिकट बुकिंग ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन लॉटरी, पैसा दोगुना करने, निवेश पर अत्यधिक मुनाफा और आकर्षक ऑफर्स के नाम पर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। सोशल मीडिया से फैलाए जा रहे फर्जी ऑफर्स से लोगों को लालच देकर वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा रहा है।
साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन टिकट बुकिंग, निवेश या वित्तीय लेन-देन से पहले संबंधित वेबसाइट और एप्लीकेशन की सत्यता की पूरी जांच करें। केवल आधिकारिक वेबसाइटों और विश्वसनीय प्लेटफार्म का ही उपयोग करें। किसी भी अनजान लिंक, विज्ञापन या संदिग्ध संदेश पर क्लिक करने से बचें।
यदि किसी व्यक्ति को साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो या वह ठगी का शिकार हो जाए, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर शिकायत दर्ज करवाएं।- अशोक तिवारी, पुलिस महानिदेशक















