हिमाचल: नित्थर में कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, दो की मौत

हिमाचल: नित्थर के दुराह में दर्दनाक सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; दो लोगों की मौत
हिंदी टीवी न्यूज, नित्थर (कुल्लू)। Published by: Megha Jain Updated Fri, 18 Sep 2026
कुल्लू जिले की नित्थर उपतहसील में वीरवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दुराह पंचायत के डवार्च सड़क मार्ग पर सेरी के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
नित्थर उपतहसील की ग्राम पंचायत दुराह में वीरवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा दुराह के डवार्च सड़क मार्ग पर सेरी के पास रात करीब सवा आठ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि आल्टो कार दुराह की ओर आ रही थी, तभी सेरी के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा।
गहरी खाई में कार गिरने के कारण शवों को बाहर निकालना आसान नहीं था। पुलिस चौकी नित्थर के जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर काफी मशक्कत की। शुक्रवार दोपहर करीब एक से तीन बजे तक चले प्रयासों के बाद दोनों शवों को सड़क तक निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया। हादसे में आल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
डीएसपी आनी राजीव मेहता ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार दुराह की तरफ जा रही थी और सेरी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोग भी घटना को देखकर हैरान रह गए। रात के समय गहरी खाई में बचाव कार्य करना पुलिस और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चुनौती रहा। शुक्रवार को लगातार प्रयासों के बाद शवों को सड़क तक पहुंचाया जा सका।















