महादेव बेटिंग ऐप केस: अमेरिकी नागरिकों से ठगी की जांच में अमृतसर पहुंची CBI

महादेव बेटिंग ऐप केस: अमृतसर पहुंची सीबीआई, अमेरिकी नागरिकों को टेक सपोर्ट के नाम पर लगाते थे चूना
हिंदी टीवी, अमृतसर । Published by: Megha Jain Updated Sat, 14 Nov 2026
महादेव बेटिंग ऐप मामले में सीबीआई ने शनिवार को अमृतसर के अलावा देश में 33 स्थानों पर छापा मारा। सीबीआई टीम ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजिटल उपकरण और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेजों की तलाशी ली गई।
अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के महादेव बेटिंग ऐप मामले की जांच का दायरा बढ़ते हुए अमृतसर तक पहुंच गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने देशभर में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की।
जांच के अनुसार, गिरोह के सदस्य कंप्यूटर और बैंक खातों का रिमोट एक्सेस लेकर लोगों से ठगी करते थे। अब तक करीब 350 करोड़ रुपये क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट में ट्रांसफर करवाए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि अक्षय महाजन और उसका परिवार विदेश जा चुका है। सीबीआई की टीम ने उसके घर से मिले डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों को जांच के लिए कब्जे में लिया है।
यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के मुख्य प्रवर्तक सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद की गई। चंद्राकर को हाल ही में ओमान से भारत लाया गया था। पूछताछ में देशभर में सक्रिय सट्टा पैनल संचालकों, हवाला कारोबारियों और अवैध लेनदेन से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी मिलने के बाद सीबीआई ने अलग-अलग ठिकानों को चिह्नित किया।
जांच में सामने आया है कि सट्टेबाजी से अर्जित रकम को ठिकाने लगाने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन खातों के जरिये रकम को अलग-अलग जगह ट्रांसफर करने के बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। सीबीआई अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच कर इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।















