Ajay Devgn की ‘गोलमाल 5’ अपडेट: शूटिंग शुरू, एंटरटेनमेंट और बड़ा होगा

अजय देवगन ने दी ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग से जुड़ी अपडेट, दिखाई कास्ट की एक झलक; कहा- इस बार एंटरटेनमेंट बड़ा होगा
हिंदी टीवी, एंटरटेनमेंट डेस्क। Published by: Megha Jain Updated Mon, 27 Apr 2026
Ajay Devgn On Golmaal 5: अजय देवगन ने मच अवेटेड फिल्म ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग को लेकर अपडेट साझा की है।
लोकप्रिय फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ की पांचवीं फिल्म ‘गोलमाल 5’ फ्लोर पर लौट चुकी है। फिल्म की शूटिंग चल रही है। अब अजय देवगन ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ी नई अपडेट साझा की है। इसके साथ ही अजय देवगन ने फिल्म की कास्ट की एक झलक भी दिखाई है, जिसमें फिल्म के प्रमुख किरदार नजर आ रहे हैं।
शुरू हुआ फिल्म का ऊटी शेड्यूल
अजय देवगन ने ‘गोलमाल 5’ के ऊटी शेड्यूल को लेकर जानकारी साझा की है। अजय देवगन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की है। इसमें उन्होंने फिल्म की कास्ट की भी झलक दिखलाई है। अजय ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘इस बार सवारी बड़ी है और एंटरटेनमेंट उससे भी ज्यादा बड़ा होगा। गोलमाल 5 का ऊटी शेड्यूल लड़कों के साथ।’
अजय की पोस्ट से साफ है कि फिल्म का ऊटी का शेड्यूल शुरू हो चुका है। अजय की इस पोस्ट में अजय के अलावा अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, शरमन जोशी और कुणाल खेमू नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही जैसा अजय देवगन ने संकेत दिया कि इस बार गोलमाल की बाइक और भी बड़ी हो गई है। क्योंकि इस बार शरमन जोशी की फिल्म में पहले सीजन के बाद वापसी हुई है।
रोहित शेट्टी के जन्मदिन पर हुई थी फिल्म की घोषणा
14 मार्च को रोहित शेट्टी के जन्मदिन पर मेकर्स ने ‘गोलमाल 5’ की घोषणा की थी। इसके साथ ही फिल्म का एक टीजर जारी किया गया था, जिसमें फिल्म की पूरी कास्ट नजर आती है। इसके साथ ही मेकर्स ने स्पष्ट किया कि ‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार की भी एंट्री हुई है।
अक्षय टीजर में बाल्ड लुक में नजर आए। इसके बाद अब फैंस अक्षय को फिल्म में देखने के लिए उत्साहित हैं। अक्षय कुमार के फ्रेंचाइजी से जुड़ने से अब ‘गोलमाल 5’ को लेकर फैंस का उत्साह और भी बढ़ गया है।
2006 में हुई थी फ्रेंचाइजी की शुरुआत
‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ 2006 को रिलीज हुई थी। दूसरी ‘गोलमाल रिटर्न्स’ 2008 को रिलीज हुई थी। ‘गोलमाल 3’ 2010 को आई थी और फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त ‘गोलमाल अगेन’ ने 20 अक्तूबर 2017 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी।















