Himachal: तकनीकी छात्रों के लिए ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल लॉन्च

Takniki Rozgar Setu: हिमाचल के तकनीकी छात्रों के लिए बड़ी पहल, सीएम सुक्खू ने लॉन्च किया रोजगार पोर्टल
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Tue, 21 Jul 2026
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म तकनीकी शिक्षा प्राप्त छात्रों, संस्थानों और उद्योगों को जोड़कर रोजगार प्रक्रिया को आसान बनाएगा। पोर्टल पर 164 संस्थान, 26,168 छात्र और 97 नियोक्ता पहले ही पंजीकृत हो चुके हैं। छात्र ऑनलाइन नौकरी खोजने, आवेदन करने और प्लेसमेंट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार शाम ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ (Takniki Rozgar Setu) पोर्टल का शुभारंभ किया। यह राज्य का अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो छात्रों, तकनीकी संस्थानों और उद्योगों को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से जोड़कर भर्ती प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीक का उपयोग कर सुशासन को मजबूत करने और युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पोर्टल से उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत होगा और हिमाचल के युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।















