Himachal Pradesh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शिमला दौरा, भव्य स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिमाचल दौरा: शिमला पहुंची, राज्यपाल और सीएम समेत अन्य लोगों ने किया जोरदार स्वागत
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 27 Apr 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार को शहर में यातायात पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाए गए हैं। आम जनता और पर्यटक आराम से यात्राएं कर सकते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ग्रीष्मकालीन प्रवास के लिए 27 अप्रैल से 1 मई, 2026 तक हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर रहेंगी। 12 बजे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिमला पहुंच गई हैं। जहां राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और सीएम सुक्खू समेत अन्य लोगों ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 दिवसीय हिमाचल दौरे को लेकर राजधानी शिमला में सुरक्षा के पुख्ता का इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति आज शिमला के रिट्रीट में पहुंचेंगी।
सुरक्षा की दृष्टिगत शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसी के जवान तैनात हैं। शहर की सड़कों पर दोनों और बैरिकेडिंग की गई है जिससे कि यातायात में किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न ना हो। हालांकि संजौली और ढली में सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग के कारण लोगों को पैदल चलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वीआईपी मूवेंट के दौरान शहर में ट्रैफिक को भी रोका जा रहा है जिस वजह से लोग परेशान हैं। लोक भवन रिट्रीट में राष्ट्रपति आज पहुंचेगी और इसके बाद उनके राजधानी शिमला समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 अप्रैल को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग का निरीक्षण करेंगी। अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शिमला के मशोबरा में राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी। राष्ट्रपति 28 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की ओर से लोक भवन, शिमला में आयोजित भोज में शामिल होंगी। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल का दौरा करेंगी।
30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित में चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उसी दिन, वह मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ स्वागत समारोह आयोजित करेंगी। 1 मई को दिल्ली रवाना होने से पहले राष्ट्रपति शिमला में सेना प्रशिक्षण कमान का दौरा करेंगी।













