Kullu: शिक्षक पर छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, पॉक्सो में केस दर्ज

Himachal News: शिक्षक पर कमरे में बुलाकर छात्रा से अश्लील हरकतें करने का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
हिंदी टीवी, सैंज (कुल्लू)। Published by: Megha Jain Updated Mon, 23 Feb 2026
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक शिक्षक पर जमा एक कक्षा की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। वहीं, पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। पढ़ें पूरी
सैंज क्षेत्र में गुरु और शिष्य का रिश्ता तार-तार होने का मामला सामने आया है। एक शिक्षक पर जमा एक कक्षा की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा है। आरोपी अध्यापक ने छात्रा को दो अन्य सहेलियों के साथ अपने कमरे में बुलाया था। पुलिस ने शिकायत के बाद अब आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
स्कूल प्रिंसिपल की ओर से पुलिस को दिए शिकायत पत्र के अनुसार 19 फरवरी को स्कूल के एक प्रवक्ता ने उच्च अधिकारियों एवं स्टाफ की जानकारी के बिना अपने कमरे में तीन छात्राओं को बुलाया था। दो छात्राओं को प्रवक्ता ने रसोई में खाना बनाने के लिए भेज दिया। तीसरी छात्रा को कपड़े प्रेस करने के लिए विवश किया। इसके बाद उसने छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें भी कीं। आरोपी ने छात्राओं को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी। उधर, मामला सामने आने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आरोपी अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
उधर, इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।














