Municipal Corporation Shimla बजट 2026: 143 करोड़ की कमाई, 688 करोड़ के सपने केंद्र के भरोसे

MC Shimla Budget 2026: कमाई 143 करोड़, केंद्र सरकार के सहारे दिखाए 688 करोड़ के सपने
हिंदी टीवी न्यूज,शिमला। Published by: Megha Jain Updated Sat, 21 Feb 2026
कांग्रेस शासित नगर निगम ने जनता को 688.02 करोड़ से कई बड़ी सौगात देने के सपने तो दिखा दिए लेकिन बिना केंद्र और एडीबी की मदद के ये धरातल पर नहीं उतरेंगे।
143 करोड़ रुपये की कमाई करने वाले कांग्रेस शासित नगर निगम ने जनता को 688.02 करोड़ से कई बड़ी सौगात देने के सपने तो दिखा दिए लेकिन बिना केंद्र और एडीबी की मदद के ये धरातल पर नहीं उतरेंगे। केंद्र सरकार से मिलने वाले पैसों से ही सब्जी मंडी परिसर, वंडर पार्क, गरीबों के आवास जैसे प्रोजेक्ट शुरू होंगे। आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2024-25 में नगर निगम को सभी संसाधनों और अनुदानों से कुल 119 करोड़ रुपये की आय हुई है। साल 2025-26 में कमाई बढ़कर 143 करोड़ पहुंच गई। इस बार निगम ने आगामी वित्तीय वर्ष के दौरान 688 करोड़ रुपये की आय का दावा किया है जो बिना केंद्र की मदद के संभव नहीं।
खास बात यह है कि नगर निगम ने अपनी कमाई के अन्य संसाधन भी तलाशे हैं। इनमें सबसे अहम नगर निगम बॉन्ड योजना है जिनसे करीब 200 करोड़ की आय का टारगेट रखा गया है। इनसे आवासीय फ्लैट बनाने की योजना है। यदि निगम का यह पहला प्रोजेक्ट सिरे चढ़ता है तो आने वाले समय में निगम इसी तर्ज पर कई और प्रोजेक्ट शिमला में ला सकता है। निगम ने टैक्स चोरी पकड़ने, डक्ट से किराया वसूलने के रूप में कमाई के नए साधन भी तलाशे हैं। निगम का दावा है कि करीब 300 करोड़ रुपये से बनने वाले सब्जी मंडी परिसर के लिए बजट को मंजूरी मिल चुकी है। चैलेंज फंड के तहत भी करीब 50 करोड़ रुपये मिलना है। एडीबी की मदद से कच्चीघाटी में वेलनेस सेंटर बनेगा जिससे बाद में निगम को भी आय होगी।















