हिमाचल में बदला मौसम: रोहतांग में बर्फबारी, कोकसर में ओलावृष्टि

हिमाचल में माैसम ने बदली करवट: रोहतांग दर्रा सहित चोटियों पर बर्फबारी, कोकसर में ओलावृष्टि, शिमला में खिली
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Sat, 24 Oct 2026
रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू, लाहाैल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं कोकसर में हल्की ओलावृष्टि होने की सूचना है। ताजा बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में माैसम ने करवट बदली है। रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू, लाहाैल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं कोकसर में हल्की ओलावृष्टि होने की सूचना है। ताजा बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। वहीं प्रदेश की राजधानी शिमला सहित आसपास भागों में आज धूप खिली हुई है।
कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस में
शिमला में न्यूनतम तापमान 11.0, सुंदरनगर 10.5, भुंतर 9.2, कल्पा 3.2, धर्मशाला 13.6, ऊना 14.0, नाहन 14.7, केलांग 0.1, पालमपुर 11.0, सोलन 8.0, मनाली 7.1, कांगड़ा 13.8, मंडी 12.1, बिलासपुर 13.5, चंबा 12.8, कुफरी 8.5, कुकुमसेरी -0.5, सेऊबाग 8.2, सराहन 17.1, पांवटा साहिब 18.0, ताबो 0.9 व बजाैरा में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में बारिश-बर्फबारी होने के आसार
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 और 25 अक्तूबर को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 26 से 30 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। विभाग के अनुसार आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति के कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 25 अक्तूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व लाहाैल-स्पीति में हल्की बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
तापमान में गिरावट की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद, अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।















