हिमाचल: जुड़वां नाबालिग बेटियों से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार

हिमाचल: नाबालिग जुड़वां बेटियों से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार, मेडिकल रिपोर्ट के बाद पुलिस की कार्रवाई
हिंदी टीवी न्यूज, धर्मशाला। Published by: Megha Jain Updated Fri, 16 Oct 2026
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्षेत्र में नाबालिग जुड़वां बेटियों से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उनके पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट पर विशेषज्ञों की अंतिम राय मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नाबालिग जुड़वां बेटियों से कथित दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने उनके पिता को गिरफ्तार किया है। मामला धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके का है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट पर चिकित्सा विशेषज्ञों की अंतिम राय मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस मामले में महिला पुलिस थाना धर्मशाला में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, एक स्वयंसेवी संस्था ने शुरुआत में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में गंभीर धाराएं लगाने और कार्रवाई करने में देरी हुई।
पुलिस के अनुसार, काउंसलिंग के बाद 13 अक्तूबर को दोनों बच्चियों के बयान न्यायालय में दर्ज करवाए गए। इसके अलावा दोनों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। चिकित्सा विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर अंतिम राय मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपों पर दी सफाई
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट पर विशेषज्ञों की अंतिम राय मिलने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने पुलिस की ओर से किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के आरोपों को खारिज किया। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में बच्चियों ने छेड़छाड़ की बात कही थी। बाद में काउंसलिंग के बाद उनके बयान अदालत में दर्ज करवाए गए और नियमानुसार कार्रवाई की गई। मामले में आरोपी के खिलाफ लगे आरोपों की जांच जारी है। आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।














