ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार ने एक वर्ष में जनता को राहत देने के लिए काम किया है। मैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरे तालमेल के साथ आगे बढ़ रहे हैं। जनहित में नीतियां बनाना हमारा लक्ष्य है। सरकार का एक साल पूरा होने पर भाजपा की ओर से किया जा रहा प्रदर्शन सिर्फ दिखावा है। उनकी अपनी परेशानियों, निराशा व कमियों को छुपाने का माध्यम है।

हिमाचल की जनता को नहीं दिया विशेष आर्थिक पैकेज: उपमुख्‍यमंत्री

भाजपा नेता जनता को बताएं हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने व विशेष आर्थिक पैकेज देने के प्रस्ताव का समर्थन उन्होंने क्यों नहीं किया। वास्तव में भाजपा नेता सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में हुए बेहतर कार्यों से परेशान हैं। भाजपा ने कुछ आरोपों के साथ पत्रक छपाएं हैं। भाजपा यदि खुद इन पत्रकों को पढ़ेगी तो उसे स्वयं यह हवाई नजर आएंगे।

प्रदेश की जनता को कांग्रेस ने दी 10 गारंटियां

रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पालकवाह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुकेश ने कहा कि प्रदेश की जनता को कांग्रेस ने 10 गारंटियां दी हैं। सरकार ने इन गारंटियों को अपना राज धर्म माना है और हर गारंटी पूरी करेंगे। इस एक साल में जनता को हरसंभव मदद देते हुए सरकार ने बेहतर नीतियां बनाकर हर वर्ग को आगे बढ़ने का काम किया है। सरकार ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) सहित तीन गारंटियों को पूरा किया है।

कर्मचारियों व पेंशनरों को भी दिया जाएगा हक

अंग्रेजी मीडियम स्कूल हर विधानसभा क्षेत्र में बनाने के लिए काम शुरू कर दिया है। स्टार्टअप योजना के तहत रोजगार देने का काम शुरू कर दिया है। युवाओं को रोजगार अधिक से अधिक मिले, इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। कर्मचारियों व पेंशनरों को भी उनका हक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता लगातार हिमाचल की योजनाओं का पैसा रुकवाने का काम करते रहे।

आपदा के दौरान केंद्र हिमाचल को अधिक मदद न दे, इसके लिए प्रयास करते रहे। हिमाचल के ऋण पर कट लगाया गया व हिमाचल को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का काम भाजपा नेताओं ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की क्या कार्यप्रणाली है, जनता जानती है।