क्रिप्टो घोटाला: आरोपी का सहयोगी गिरफ्तार, 72 लाख नकद बरामद

क्रिप्टोकरेंसी घोटाला: मुख्य आरोपी का सहयोगी अतुल सूद गिरफ्तार, सात ठिकानों से 72 लाख रुपये नकद बरामद
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 02 Nov 2026
हिमाचल प्रदेश के चर्चित 2500 करोड़ रुपये के क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा के सहयोगी अतुल सूद को गिरफ्तार किया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2,500 करोड़ के क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा के मुख्य सहयोगी जीरकपुर निवासी अतुल सूद को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने पंजाब के मोहाली, जीरकपुर व चंडीगढ़ स्थित सात ठिकानों पर तलाशी अभियान चला 72 लाख नकद, अवैध संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक खाते के रिकॉर्ड व कई डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। शिमला की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश करने के बाद अदालत ने आरोपी को 5 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है। ईडी के अनुसार, यह फर्जी स्कीम वर्ष 2018 में मुख्य सरगना सुभाष शर्मा ने अपने साथियों हेमराज, सुखदेव ठाकुर, अभिषेक शर्मा और राधिका शर्मा के साथ मिलकर शुरू की थी, जो वर्ष 2023 में खुलकर सामने आई।
एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अतुल सूद दुबई में सुभाष शर्मा से मिलने जाता रहा और वहां उसके लिए सम्मेलनों व कार्यक्रमों का प्रबंधन करता रहा। निवेशकों के पैसों को ठिकाने लगाने के लिए संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में बड़ा हिस्सा नकद दिया जाता था और उनकी रजिस्ट्री वास्तविक मूल्य से काफी कम दिखाई जाती थी। ईडी ने पूर्व में 13 दिसंबर 2025 और 15 जून को कार्रवाई करते हुए 1.5 करोड़ की चल संपत्तियां जब्त कर हेमराज, सुखदेव, अभिषेक, मिलन गर्ग व मासूम को गिरफ्तार किया था। अब ईडी विदेश में बैठे मुख्य सरगना पर शिकंजा कस रही है।















