शिमला: HPU में मारपीट और पुलिस कार्य में बाधा, 9 गिरफ्तार

शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में मारपीट और पुलिस कार्य में बाधा के मामले में नौ गिरफ्तार
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 23 Sep 2026
HPU Student Clash: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) समरहिल परिसर में मारपीट और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस कार्य में बाधा डालने के दो अलग-अलग मामलों में नौ युवकों को गिरफ्तार किया गया है। 22 सितंबर को विधि विभाग के बाहर छात्र से मारपीट, रास्ता रोकने और धमकी देने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 23 सितंबर को कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस कार्य में बाधा डालने और अव्यवस्था पैदा करने के आरोप में सात युवकों पर कार्रवाई की गई।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के समरहिल परिसर में लगातार दो दिनों में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला विधि विभाग के बाहर छात्र से मारपीट और धमकी देने से जुड़ा है, जबकि दूसरे मामले में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस कार्य में बाधा डालने और मौके पर अव्यवस्था उत्पन्न करने के आरोप में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
दूसरी कार्रवाई 23 सितंबर को एचपीयू समरहिल परिसर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान हुई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस कार्य में बाधा डाली और मौके पर अव्यवस्था उत्पन्न की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्यूआरटी की सहायता ली गई और युवकों को पुलिस थाना बालूगंज लाया गया।
पुलिस रपट के आधार पर बीएनएसएस की धारा 126/170 के प्रावधानों के तहत सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों में कमलेश निवासी करसोग, जिला मंडी; प्रवेश निवासी शिलाई, जिला सिरमौर; मुकेश और चमन निवासी चूराह, जिला चंबा; आशीष निवासी ननखड़ी, जिला शिमला; किशोर कुमार निवासी कुल्लू सदर तथा हैप्पी निवासी थुनाग, जिला मंडी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार थाना हवालात में रखा गया और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।















