हिमाचल मौसम: आज बिगड़ेगा मौसम, विभाग ने जारी किया अलर्ट

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में आज बिगड़ेगा मौसम, विभाग ने जारी किया अलर्ट
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 13 May 2026
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को भी मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 16 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच मंगलवार को रोहतांग और बारालाचा में बर्फबारी हुई। कुल्लू में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई और राजधानी शिमला में धूप खिली रही। हिमाचल में बुधवार को भी मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। कुल्लू, मंडी, शिमला में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज और अन्य जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 16 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। उधर, मंगलवार को मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने के साथ धूप खिलने से ऊना, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जिला में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ।
कुल्लू और लाहौल घाटी में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी मौसम खराब रहा। ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई। कुल्लू घाटी में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हुई। जिला मुख्यालय के साथ आसपास के इलाकों में भी हल्की ओलावृष्टि भी हुई। ढालपुर में लगे अस्थायी बाजार में व्यापारियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं पांगी के लिए चंबा से रवाना हुईं टैक्सियों में आठ सवार सचे जोत पर दो घंटे तक फंसे रहे। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने टैक्सी को सुरक्षित निकाला।
मंगलवार शाम भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जांघी के समीप पालमपुर-होली-चंबा रूट की निजी बस के फ्रंट शीशे पर पहाड़ी से पत्थर आ गिरे। पत्थरों के कारण चालक के हाथ में चोट लगी। चंबा में बीती रात और सोमवार सुबह हुई बारिश के कारण 92 ट्रांसफार्मर बंद होने से 460 गांवों में बिजली ठप रही।
केलांग में एक डिग्री पहुंचा रात का पारा
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जारी बर्फबारी और बारिश के चलते सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा कुकुमसेरी में तापमान 4.3, ताबो में 5.5, कल्पा में 7.6, भरमौर में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।















