हिमाचल: हेली टैक्सी सेवा से जुड़ेंगे हमीरपुर, चंबा और पालमपुर

हिमाचल: हेली टैक्सी सेवा से जुड़ेंगे हमीरपुर, चंबा और पालमपुर, शिमला से हवाई संपर्क बढ़ाने की तैयारी
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 23 Nov 2026
हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क मजबूत करने की दिशा में नई पहल की जा रही है। शिमला से हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना है। इसके अलावा दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला विमान सेवाओं के विस्तार का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।
हिमाचल प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। राजधानी शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट और संजौली हेलीपोर्ट से नए रूट शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत शिमला से हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
वर्तमान में शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से दिल्ली और धर्मशाला के लिए एक-एक नियमित उड़ान संचालित हो रही है। वहीं, संजौली हेलीपोर्ट से रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू और चंडीगढ़ के लिए हेली टैक्सी सेवाएं उपलब्ध हैं। नए रूटों को मंजूरी मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश का हवाई संपर्क नेटवर्क और विस्तृत हो जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नए रूटों पर विमान और हेली टैक्सी सेवाएं शुरू करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्रीय मंजूरी मिलते ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए इन रूटों पर सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।- संदीप कुमार, सचिव, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग















