हिमाचल: 25 अगस्त से शुरू होगी मणिमहेश यात्रा, बेहतर व्यवस्था पर जोर

हिमाचल: अधिकारिक तौर पर 25 अगस्त से शुरू होगी मणिमहेश यात्रा, बेहतर व्यवस्था पर फोकस
हिंदी टीवीन्यूज, भरमौर (चंबा)। Published by: Megha Jain Updated Sat, 22 Aug 2026
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से अलग-अलग सेक्टरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। विशेष स्नान पर्वों को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
श्री मणिमहेश यात्रा अधिकारिक तौर पर 25 अगस्त से शुरू होकर 20 सितंबर तक जारी रहेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से अलग-अलग सेक्टरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। विशेष स्नान पर्वों को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान 28 अगस्त को रक्षा बंधन स्नान और इसके बाद श्रावण पूर्णिमा तथा जन्माष्टमी के स्नान को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और पर्वतारोहण दलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और जल शक्ति विभाग के कर्मचारी भी विभिन्न पड़ावों पर अपनी सेवाएं देंगे।
यात्रा के दौरान अलग-अलग सेक्टरों में अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। शनिवार को ड्यूटी को लेकर बैठक की जाएगी। बैठक के बाद सेक्टर अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों का ड्यूटी शेड्यूल जारी किया जाएगा, ताकि सभी कर्मचारी निर्धारित पड़ावों पर समय पर तैनात हो सकें। प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम मौजूद रहें। विशेष स्नान पर्वों के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि अधिकारिक तौर पर यात्रा 25 अगस्त से शुरू होगी। कहा कि लोगों की सुविधा का खास ख्याल रखा जा रहा है।















