हिमाचल: स्कूलों में घटे 16 हजार विद्यार्थी, 420 में शिक्षकों की कमी, 112 में बिजली नहीं

चौंकाने वाले आंकड़े: एक साल में घटे 16,411 विद्यार्थी, 420 स्कूलों में शिक्षकों की कमी, 112 में बिजली तक नहीं
हिंदी टीवी, तपोवन (धर्मशाला)। Published by: Megha Jain Updated Sat, 21 Nov 2026
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। वहीं, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी सरकारी शिक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। वहीं, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी सरकारी शिक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। स्थिति यह है कि प्रदेश के 420 सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के अनुपात में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, 64 स्कूल भवन पूरी तरह असुरक्षित घोषित किए जा चुके हैं और 112 विद्यालयों में आज तक बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। विधानसभा में चुराह के विधायक डॉ. हंस राज की ओर से शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विस्तृत ब्योरा सदन के पटल पर रखा।
क्या है सरकारी आंकड़ा
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 30 अक्तूबर तक पिछले सत्र के मुकाबले सरकारी स्कूलों में 16,411 विद्यार्थियों की कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा इसी सत्र में 16,497 विद्यार्थियों ने बीच सत्र में स्कूल छोड़ दिया या दूसरे विद्यालयों में दाखिला ले लिया। वर्ष 2024-25 में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से 12वीं कक्षा तक कुल 7,05,342 विद्यार्थी नामांकित थे। वर्ष 2025-26 में यह संख्या घटकर 6,71,542 रह गई, जबकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 30 अक्तूबर तक महज 6,55,131 विद्यार्थी ही दर्ज किए गए हैं। इस तरह दो वर्षों में कुल नामांकन में 50,211 विद्यार्थियों की कमी आई है। जिलावार आंकड़ों में कांगड़ा सबसे आगे है, जहां पिछले सत्र के मुकाबले 5,115 विद्यार्थी कम हुए हैं। मंडी में 2,431, ऊना में 2,010 और हमीरपुर में 1,890 विद्यार्थियों की कमी दर्ज की गई है। उधर, प्रदेश के 112 सरकारी स्कूल आज भी बिजली सुविधा से वंचित हैं। इनमें 81 प्राथमिक, 30 माध्यमिक और एक उच्च विद्यालय शामिल है। बिजली से वंचित स्कूलों में शिमला के 43, चंबा के 35, मंडी के 14 और सिरमौर के 13 विद्यालय शामिल हैं।
बीच सत्र में स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की संख्या बढ़ी
नामांकन घटने के साथ ही बीच सत्र में स्कूल छोड़ने या दूसरे स्कूल में जाने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2024-25 में ऐसे 9,747 मामले सामने आए थे। वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 11,396 हो गई, जबकि 2026-27 में 30 अक्तूबर तक ही 16,497 विद्यार्थी स्कूल छोड़ चुके थे या दूसरे विद्यालयों में चले गए थे। इस मामले में सोलन 3,056 मामलों के साथ पहले स्थान पर है। शिमला में 2,906 और सिरमौर में 2,118 विद्यार्थियों के स्कूल छोड़ने या बदलने के मामले सामने आए हैं। यूडाइस प्लस के अनुसार, बेहतर शैक्षणिक अवसरों की तलाश, आर्थिक परेशानियां, परिवारों का पलायन, निजी स्कूलों में दाखिला, परिवहन की समस्या और आईटीआई-पॉलीटेक्निक में प्रवेश इसके प्रमुख कारण हैं।















