HP पंचायत चुनाव: 126 प्रधान और 156 उपप्रधान निर्विरोध तय

HP Panchayat Election: हिमाचल में 126 पंचायत प्रधान और 156 उपप्रधान का निर्विरोध चुना जाना तय
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Wed, 13 May 2026
पंचायतीराज संस्थाओं के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 3,754 पंचायतों में प्रधान पद के लिए 15,518 और उपप्रधान पद के लिए 15,347 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 3,754 पंचायतों में प्रधान पद के लिए 15,518 और उपप्रधान पद के लिए 15,347 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें से 126 पंचायत प्रधान और 156 उपप्रधान का निर्विरोध चुना जाना तय है। इन पदों पर सिंगल नामांकन दाखिल किया गया है। प्रदेशभर में 36,886 लोगों ने वार्ड सदस्य बनने के लिए नामांकन दाखिल किए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। हालांकि कई पंचायतों में निर्विरोध चुनाव की संभावना भी बनी हुई है।
126 पंचायतों में केवल एक-एक नामांकन पत्र जमा हुआ
आंकड़ों के मुताबिक प्रधान पद के लिए 126 पंचायतों में केवल एक-एक नामांकन पत्र जमा हुआ है, जबकि उपप्रधान पद के लिए 156 पंचायतों में सिंगल आवेदन आए हैं। अगर पर्चे सही पाए जाते हैं तो नामांकन वापसी के दिन पंचायतों के इन पदों के लिए उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित किया जाएगा। प्रदेश में अब नामांकन वापसी को लेकर जोड़तोड़ और राजनीतिक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कई पंचायतों में आपसी सहमति बनाने और निर्विरोध चुनाव करवाने के प्रयास चल रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सामाजिक संगठनों और पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से भी सहमति बनाने की कोशिशें की जा रही हैं, ताकि चुनावी टकराव कम हो सके।














