Himachal: सुक्खू बोले- 32 निकायों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते

Himachal: सीएम सुखविंद्र सुक्खू बोले- 32 शहरी निकायों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
हिंदी टीवी, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Mon, 18 May 2026
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के 47 नगर निकायों में हुए चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने 32 निकायों में विजय हासिल कर यह साबित कर दिया है कि जनता का कांग्रेस सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर पूरा विश्वास है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 47 नगर निकायों में हुए चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने 32 निकायों में विजय हासिल कर यह साबित कर दिया है कि जनता का कांग्रेस सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर पूरा विश्वास है।
सोमवार को जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि जनता का यह भरोसा कांग्रेस सरकार को और अधिक निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
राज्य सरकार भविष्य में भी जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समानता, संतुलित विकास और समाज के हर वर्ग के कल्याण की विचारधारा में विश्वास रखती है और यही सिद्धांत राज्य सरकार की कार्यशैली का आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और जाति के आधार पर समाज को विभाजित करने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा किया है और गारंटियों से आगे बढ़कर कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, मजदूरों और समाज के हाशिये पर खड़े वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कांग्रेस सरकार ने गंभीर प्रयास किए हैं। उन्होंने नगर निकाय चुनावों में विजयी सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब सभी को मिलकर हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।















