होशियारपुर: दंपती ने नहर में कूदकर दी जान, पत्नी गर्भवती थी

Hoshiarpur: घरेलू कलह के बाद पति-पत्नी ने नहर में छलांग लगाकर दी जान, गर्भवती थी शहनाज
हिंदी टीवी न्यूज, हरियाना (होशियारपुर)। Published by: Megha Jain Updated Tue, 21 Jul 2026
विवाद के बाद शहनाज ने अपने पति आरिफ से उसे उसके मायके (रोपड़) छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद आरिफ उसे मोटरसाइकिल पर लेकर निकला और दोनों ने बसी मरूफ के पास नहर में छलांग लगा दी।
होशियारपुर के थाना हरियाना क्षेत्र के गांव बसी मरूफ में रविवार देर रात एक पति-पत्नी ने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना हरियाना के प्रभारी एसएचओ किरण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान आरिफ (25) पुत्र कासिम, निवासी जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी धीर फार्म, बसी मरूफ, तथा उसकी पत्नी शहनाज (25) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव बरामद कर लिए। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शहनाज गर्भवती थी।















