हिमाचल मौसम: छह दिन बारिश, 67 सड़कें बाधित; रामपुर में भूस्खलन

हिमाचल मौसम: राज्य के कई भागों में छह दिन बरसेंगे बादल, 67 सड़कें बाधित; रामपुर में भूस्खलन
हिंदी टीवी न्यूज, शिमला। Published by: Megha Jain Updated Sat, 12 Sep 2026
प्रदेश के कई भागों में बारिश का दाैर लगातार जारी है। इस मानसून सीजन में 30 जून से 11 सितंबर तक प्रदेश में आपदा की वजह से 296 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 520 लोग घायल हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश का दाैर लगातार जारी है। बीते 24 घंटों के दाैरान धर्मशाला में 87.2, कांगड़ा 68.8, कुफरी 64.6, शिलारू 54.6, जोगिंद्रनगर 48.0, मालरांव 45.0, पालमपुर 40.0, स्लापड़ 27.8, सराहन 27.3, नगरोटा सूरियां 25.8, कोटखाई 24.2, श्री नयना देवी 22.2 व शिमला में 18.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आज राजधानी शिमला सहित आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं। वहीं तेज हवाओं के साथ ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्र में हुई भारी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली है।
इस मानसून सीजन में 30 जून से 11 सितंबर तक प्रदेश में आपदा की वजह से 296 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 520 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 177 की सड़क हादसों में माैत हुई। इसके अतिरिक्त इस अवधि के दाैरान 40 पक्के और 89 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 499 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। इसके अलावा 17 दुकानों व 470 गोशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में इस मानसून में नुकसान का आंकड़ा 1,66,196.72 लाख रुपये पहुंच गया है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 12 से 17 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 18 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में शनिवार सुबह 10 बजे तक 67 सड़कें बाधित रहीं। इसके अलावा 142 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हैं। सबसे अधिक सड़कें मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जिले में प्रभावित हैं।
इस मानसून सीजन में 12 सितंबर तक राज्य में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 678.4 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 603.7 मिलीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर, कुल्लू, शिमला व सिरमाैर जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। जबकि चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति, मंडी, सोलन व ऊना जिले में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।
वहीं शिमला-शिपकी ला नेशनल हाईवे-5 पर ब्रौनी नाला के पा भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ से भारी-भरकम चट्टानें हाईवे पर आ गिरीं। इससे करीब चार घंटे तक हाईवे पर यातायात ठप रहा। भूस्खलन की यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुई। गनीमत रही कि कोई वाहन चट्टानों या मलबे की चपेट में नहीं आया। देखते ही देखते हाईवे पर जाम लग गया। इन दिनों किन्नौर से सेब से लदे वाहन निचले क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं, जो जाम में फंस गए। इसके अलावा किन्नौर की ओर जा रही निगम की बसों सहित पर्यटकों के कई वाहन भी जाम में फंस गए। किसी तरह सूचना एनएचएआई के ज्यूरी डिवीजन के एसडीओ तक पहुंचाई गई। इसके बाद करीब चार मशीनें मौके पर भेजकर चट्टानों को हटाने का काम शुरू किया गया। मशीनों के माध्यम से सुबह करीब 7 बजे हाईवे की एक लेन से यातायात बहाल किया गया।















