हरियाणा: 28 आईपीएस-एचपीएस अधिकारियों के तबादले, कई डीएसपी बदले

हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल: 28 आईपीएस-एचपीएस अधिकारियों के तबादले, कई डीएसपी बदले
हिंदी टीवी, चंडीगढ़। Published by: Megha Jain Updated Tue, 20 Oct 2026
आईजीपी सतीश बालन को आईजीपी, हरियाणा का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वह आईआरबी, भोंडसी में आईजीपी के पद पर अपनी मौजूदा जिम्मेदारी भी निभाते रहेंगे। उनके स्थान पर सिमरदीप सिंह को अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त किया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले व नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, कई अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। कुछ अधिकारियों को एक-दूसरे के स्थान पर नियुक्त किया गया है, जबकि कई की तैनाती रिक्त पदों पर की गई है।
एचपीएस अधिकारियों के भी तबादले
एचपीएस अधिकारी नूपुर बिश्नोई को पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा के एसपी पद के साथ एआईजी, वेलफेयर का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। उनकी नई जिम्मेदारी का आदेश सृष्टि गुप्ता के मातृत्व अवकाश से लौटने के बाद जारी होगा। पूजा डबला को एसपी, एसवी एंड एसीबी से आरटीसी, भोंडसी में एसपी लगाया गया है।
डीएसपी अमित बेनीवाल को हिसार से एसवी एंड एसीबी में, जबकि सतिश कुमार गौतम को पंचकूला से एसवी एंड एसीबी में लगाया गया है। महाबीर सिंह को एसवी एंड एसीबी से नीलोखेड़ी, करनाल भेजा गया है। दिनेश कुमार को हरियाणा लोकायुक्त में डीएसपी नियुक्त किया गया है।
इंदिवार को गुरुग्राम में एसीपी और शमशेर सिंह को झज्जर में एसीपी, क्राइम लगाया गया है। अशोक कुमार की पहली बटालियन, अंबाला सिटी में तैनाती का पुराना आदेश रद्द कर उन्हें प्रथम आईआरबी, भोंडसी में डीएसपी नियुक्त किया गया है।















